श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- धार। शहर के समीपस्थ ग्राम गरड़ावद-लबरादा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रों के साथ में मारपीट का मामला सामने आया है। दरअसल, विद्यालय के छह छात्र शनिवार रात छात्रावास के तीसरी मंजिल की खिड़की की जाली काटकर और दीवार फांदकर बाहर चले गए। फिर लौटने के बाद अगले दिन रविवार सुबह कुछ सीनियर छात्रों पर बेल्ट से मारपीट का आरोप जूनियर छात्रों ने लगाया है।
सभी छह छात्रों को टीसी देकर विद्यालय से निकाल दिया गया है
मामले में विद्यालय प्रबंधन ने मारपीट के आरोपों की जांच शुरू कर नियमों का उल्लंघन कर रात में बाहर जाने वाले सभी छह छात्रों को टीसी देकर विद्यालय से निकाल दिया गया है, जबकि जिन पर मारपीट का आरोप लगा है, उन दो छात्रों को भी पांच दिन के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
जूनियर छात्रों ने आरोप लगाया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे छह साथी छात्रावास से बाहर खाना खाने गए थे। हम सभी छात्र रात करीब दो बजे छात्रावास लौटे। उनका आरोप है कि रविवार सुबह 12वीं कक्षा के कुछ सीनियर छात्रों ने हम छह छात्रों के साथ बेल्ट से मारपीट की। इससे हमारी उनकी पीठ पर चोट के निशान भी पड़ गए।
छह छात्रों को टीसी देकर बाहर किया, मारपीट करने वालों को भी निष्कासित किया
विद्यालय के प्राचार्य अमित सोनी ने बताया कि छात्रों के बाहर जाने की घटना सुरक्षा व्यवस्था में चूक जरुर हुई है। देर रात बाहर जाने वाले छह छात्रों ने विद्यालय के नियमों का उल्लंघन किया था, इसलिए सभी को टीसी देकर विद्यालय से बाहर कर दिया गया है। वहीं, जिन दो सीनियर छात्रों पर मारपीट के आरोप लगे हैं, उन्हें भी पांच दिन के लिए विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है। आगे ऐसी घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।







