श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- धार। इंटरनेट मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवती के लिए मुसीबत बन गई। इंस्टाग्राम पर परिचय के बाद आरोपित ने शादी का झूठा वादा कर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने विवाह की बात की तो आरोपित मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने जान से मारने की धमकी देकर संपर्क भी तोड़ दिया। करीब दो महीने तक फरार रहने के बाद पुलिस ने आरोपित को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, महिला पुलिस थाना धार में 23 मई को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार जिला टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड) निवासी प्रदीप सिंह पंवार से उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। आरोपित प्रदीप ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और संपर्क समाप्त कर दिया।
करीब दो महीने से फरार था
घटना के बाद आरोपित लगातार ठिकाने बदलकर करीब दो महीने से फरार था। आरोपित की तलाश के लिए महिला थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतारसी के आधार पर पुलिस ने आखिरकार देहरादून (उत्तराखंड) में आरोपित का पता लगाकर उसे हिरासत में ले लिया।







