श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मुरैना। सहपाठी छात्रा के साथ मंदिर गए एक नाबालिग छात्र को डंडों से बेरहमी से पीटा। जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। पिटाई से नाबालिग छात्र गंभीर घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उधर पुलिस ने छात्रा के मामा और नाना पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
नूराबाद इलाके के रहने वाले छात्र-छात्रा
नूराबाद क्षेत्र के रहने वाले नाबालिग छात्र-छात्रा साथ पढ़ते हैं। बीते रोज दोनों कोचिंग के बाद सुमावली क्षेत्र के मंदिर पर दर्शनों के लिए चले गए। छात्र अपनी ई-स्कूटी से मंदिर गया था, वहां ई-स्कूटी डिस्चार्ज हो गई। छात्रा को घर पहुंचने में देर हो गई, तो स्वजन नूराबाद थाने पहुंचे।
छानबीन के बाद कहीं छात्रा का पता नहीं लगने पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया। इसी बीच स्वजनों को पता लगा, कि छात्रा को सुमावली में एक लड़के के साथ देखा गया है। इसके बाद स्वजन तत्काल सुमावली पहुंचे, वहां लड़के-लड़की को पकड़ लिया। इसके बाद डंडों से सड़क पर पटककर छात्र की बुरी तरह पिटाई की।
मामा-नाना से छात्र ने छोड़ देने की खूब की मिन्नतें
वायरल वीडियो में दिख रहा है, कि छात्र छोड़ देने की मिन्नतें कर रहा है, लेकिन दो लोग उसे पीटे जा रहे हैं। डंडों की पिटाई से छात्र मरणासन्न हालत में हो गया, इसके बाद उसे सड़क पर पटककर आरोपी भाग गए। छात्र के स्वजनों ने उसे जिला अस्पताल भर्ती करवाया। सुमावली थाना प्रभारी रवि गुर्जर ने बताया कि वीडियो में दिख रहे दो लोगों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।







