श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- रीवा। रायपुर कर्चुलियान के सगरा मोड़ पर नगर निगम के तेज रफ्तार कचरा वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक दोनों युवकों को बाइक समेत करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा आईसीयू में भर्ती है।
क्या थी घटना
अटरिया गांव के छोटेलाल (45) पिता बटई पाल और पोखली टोला के लाला सोंधिया बाइक से रीवा की ओर जा रहे थे। सगरा मोड़ के पास उन्होंने नगर निगम की कचरा गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों बाइक समेत ट्रक के टायर में फंस गए।
ड्राइवर फरार, पुलिस ने की मशक्कत
हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक रोककर मौके से फरार हो गया। एक घायल टायर के बीच बुरी तरह फंसा था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आधे घंटे की मशक्कत के बाद घायल को बाहर निकाला। दोनों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम 6:30 बजे छोटेलाल की मौत हो गई। लाला सोंधिया की हालत गंभीर है और वह आईसीयू में भर्ती है।







