श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले में रेत के अवैध परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रात में वैध रेत खदानों के संचालन नहीं होने से रेत की मांग और कीमत बढ़ गई है। इसका फायदा उठाकर देवलौंद और ब्यौहारी थाना क्षेत्रों से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर यूपी और रीवा की ओर परिवहन किया जा रहा है। इसी बीच तेज रफ्तार रेत लोड करने जा रहे हाईवा ने एक आटो को टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई और छह लोग घायल भी हुए है।
जानकारी के अनुसार ब्यौहारी थाना क्षेत्र के बेडरा के पास ब्यौहारी से सवारी लेकर पतेरा टोला जा रहे आटो को पोड़ी की ओर रेत लोड करने जा रहे तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आटो चालक ललन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आटो में सवार 6 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों, को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और स्वजनों ने मृतक का शव शहडोल-मानपुर मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अवैध रेत परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, दोषी हाईवा चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
जाम के कारण शहडोल-मानपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि तेज रफ्तार हाईवा ने आटो को टक्कर मारी जिससे आटो चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गुस्साए लोगों को समझाइश दी जा रही है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के कारण लगातार भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध रेत कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।







