श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः ईरान और अमेरिका के युद्ध के बीच जिस तरह से पेट्रोल डीजल की किल्लत से पैट्रोल पंप संचालक परेशान हैं उससे ज्यादा, वह लोग परेशान हैं जो हर दिन पेट्रोल भरवाते हैं। हालत यह है कि जिला मुख्यालय में आधा दर्जन से अधिक पेट्रोल पंप ड्राय पड़े हुए हैं और शहर के अंदर जो पेट्रोल पंप तेल दे रहे हैं वहां पर सुबह से देर शाम तक लोगों की लाइन लगी रहती है।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि आए दिन सप्लाई में देरी होती है जिससे बीच बीच में कुछ समय के लिए हमें भी पंप का संचालन बंद करना पड़ता है। उपभोक्ताओं को भी जब अपने नजदीकी पेट्रोल पंपों, पर तेल नहीं मिलता है तो वह भी यहां वहां भागदौड़ करते नजर आते हैं।
जयस्तंभ चौक पर लंबे समय से बंद है पंपः
जिला मुख्यालय के जयस्तंभ चौक स्थित पेट्रोल पंप को बंद हुए लंबा समय हो गया है जिसके कारण अब यहां पर जो लोग तेल भरवाने आते थे, उनको दूसरी जगह का रूख करना पड़ रहा है। इस पेट्रोल पंप को कंपनी ने ही तेल देना बंद कर दिया है जिसके चलते अब यहां पर पूरी तरह से सन्नाटा ही पसरा रहता है। शुक्रवार को चौपाटी स्थित सरावगी पेट्रोल पंप भी तेल न होने के कारण सेवाएं नहीं दे रहा था। इसके चलते शहर के पांडवनगर स्थित पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी लाइन लग गई। यहां पर भी काफी देर तक लोगों को वाहन लाइन में लगाकर खड़े रहना पड़ा।
चौपाटी के सामने भी पंप हो गया खालीः
जिला मुख्यालय में चौपाटी के सामने स्थित सरावगी पेट्रोल पंप पर भी शुक्रवार को पेट्रोल खत्म हो गया जिसके चलते ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां पर सुबह ही तेल शार्ट हो गया, जिसके चलते उपभोक्ता जो अपने वाहन लेकर तेल भरवाने पहुंचे उनको परेशानी निराश होकर लौटना पड़ा।
पंप संचालक दिलीप सरावगी ने बताया कि जबलपुर में रैक लग गया है और जैसे ही शहडोल आएगा तो यहां पर भी हम लोगों को सेवाएं देने लगेंगे। इसी तरह न्यू बस स्टैंड से बुढार की ओर जाने वाले पेट्रोल पंप खाली पड़े रहे।







