श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। जिले में शुक्रवार को तेज बारिश और खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दो दर्दनाक हादसे सामने आए।
आकाशीय बिजली की चपेट में आएं
जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के सिगुड़ी गांव में महुआ की गोही बीनने गए 13 वर्षीय किशोर की बिजली गिरने से मौत हो गई, वहीं चंदिया क्षेत्र में भी एक की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान चली गई। दोनों घटनाओं से जिले में शोक का माहौल है।
हवाओं और बारिश के बीच महुआ का फल बना काल
पहली घटना मानपुर थाना अंतर्गत सिगुड़ी गांव की है। गौरव पिता राकेश प्रजापति, उम्र 13 वर्ष, शुक्रवार को तेज हवाओं और बारिश के बीच महुआ का फल (गोही) बीनने के लिए जंगल की ओर गया था।
मौसम अचानक खराब हो गया
इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में गौरव आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गौरव को मानपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर का शव अस्पताल में रखा गया है, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद सिगुड़ी गांव में मातम छा गया है।
चंदिया में दूसरी घटना
वहीं दूसरी घटना शुक्रवार रात चंदिया क्षेत्र में हुई। यहां बिजली गिरने से प्रिंस कुशवाहा पिता सुरेंद्र कुशवाहा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के दौरान अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
बढ़ी चिंता
लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा भी लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ के नीचे और खेत-जंगल क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की जाती रही है। दोनों घटनाओं में परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।







