श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- कटनी। शहर के एनकेजे थाना पुलिस पर एक किशोर को घर से ले जाकर थाने में कपड़े उतारकर मारने का आरोप लगाते हुए देर शाम जुहली मोड़ पर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
लगभग दो घंटे चला प्रदर्शन। डीएसपी मुख्यालय मिश्रा की जांच कराने की आश्वासन के बाद माने लोग और रास्ता छोड़ा। वहीं तीन घंटे बाद जाम पूरी तरह खुल पाया और आवागमन बहाल हुआ।
सड़क पर प्रदर्शन करते हुए लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और एनकेजे थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलते ही शहर के अन्य थानों के प्रभारी व पुलिस बल को मौके पर भेजा गया।
अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि जुहली गांव के एक यादव समाज के नबालिग का गांव के ही आदिवासी युवक से मामूली विवाद हुआ था। जिसको लेकर पुलिस किशोर को घर से उठाकर ले गई थी।
शाम को पुलिस उसे घर छोड़कर चली गई। ग्रामीणों का आरोप है कि किशोर के साथ पुलिस ने थाने में ले जाकर पिटाई की। पुलिस ने नबालिग के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उसके कपड़े उतारकर पीटा और घर छोड़कर चली गई। घटना की जानकारी लगते ही गांव में आक्रोश फैल गया और लोग एकत्र हो गए।
साथ ही नाराज ग्रामीणों ने जुहली मोड़ पर सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्का जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हुआ। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीओपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, कुठला थाना प्रभारी, कोतवाली थाना प्रभारी सहित शहर के अन्य थानों के प्रभारी व बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। देर रात तक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे और मार्ग बंद रहा।







