श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- खरगोन। जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र के ग्राम गलतार में सोमवार तड़के एक व्यक्ति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना के समय महिला अपने 11 वर्षीय नाती के साथ सो रही थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बिस्टान थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत ने बताया कि आरोपी बिशन ने अपनी 50 वर्षीय पत्नी सायदा बाई पर कुल्हाड़ी से गर्दन और छाती पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के समय सायदा बाई अपने 11 वर्षीय नाती के साथ सो रही थी। हमला होते ही नाती घबराकर वहां से भाग निकला, अन्यथा वह भी हमले की चपेट में आ सकता था।
पुलिस के अनुसार, बिशन का पुत्र कमल अपने बच्चों के साथ घर के दूसरे कमरे में सो रहा था। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
इसी वजह से सायदा बाई कुछ समय पहले अपनी पुत्री रैना के पास इंदौर चली गई थी। करीब छह माह पूर्व विशन एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसके बाद उसकी देखभाल के लिए सायदा बाई वापस गांव आ गई थी और उसकी सेवा कर रही थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी का स्वभाव अत्यंत गुस्सैल बताया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ बच्चों द्वारा उसके घर के जामुन के पेड़ से फल तोड़ लेने पर उसने गुस्से में आकर पूरा पेड़ ही काट डाला था।
गांव में उसकी किसी से विशेष मित्रता भी नहीं थी। दंपति के पांच पुत्र पुत्रियां थे, जिनकी शादी हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।







