SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » पति बना हत्यारा: मायके से नहीं लौटी पत्नी तो पिता ने ली बेटी की जान, अनूपपुर में दिल दहला देने वाली वारदात

पति बना हत्यारा: मायके से नहीं लौटी पत्नी तो पिता ने ली बेटी की जान, अनूपपुर में दिल दहला देने वाली वारदात

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक शराबी पिता ने पत्नी के मायके से वापस न आने पर अपनी ही चार वर्षीय पुत्री की गला रेत कर हत्या कर दी।
राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम बेंदी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने से नाराज एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी चार वर्षीय बेटी की गला काटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बेंदी निवासी अमरवती मरावी ने शिकायत में बताया कि उसका पति गोवर्धन सिंह मरावी अक्सर शराब के नशे में उससे विवाद और मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह आठ दिन पहले अपनी चार वर्षीय बेटी प्रीति मरावी और एक वर्षीय बेटे को लेकर मायके ग्राम केशवानी चली गई थी। बताया गया कि 30 मई को गोवर्धन सिंह अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए उसके मायके पहुंचा था। हालांकि, अमरवती ने उसके शराब छोड़ने तक ससुराल लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद गोवर्धन अपनी चार वर्षीय बेटी प्रीति को अपने साथ ग्राम बेंदी ले गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 1 जून की रात करीब 9:30 बजे उसकी बहन के मोबाइल पर गोवर्धन का फोन आया। उसने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि अमरवती घर वापस नहीं आई तो वह उनकी बेटी को मार देगा। सूचना मिलते ही अमरवती अपने माता-पिता के साथ ससुराल पहुंची।

घर पहुंचने पर गोवर्धन वहां नहीं मिला। परिजनों ने जब बच्ची की तलाश की तो घर के भीतर उसका शव खून से लथपथ अवस्था में मिला। बच्ची का गला कटा हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। पत्नी के मायके चले जाने से नाराज होकर उसने पहले फोन पर धमकी दी और बाद में कथित तौर पर घटना को अंजाम दिया।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us