श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरियाः मायके आई एक नवविवाहिता ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी है। यह जानकारी भी मिली है कि मृतका अपने पीछे अपनी डेढ़ साल की बेटी को छोड़ गई है। यह घटना जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकेली में हुई है। यहां एक 21 वर्षीय विवाहिता का शव पेड़ पर फांसी के फंदे में लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहुंचान संगीता सिंह पति जयकरण सिंह, निवासी जमुनिया थाना बड़वारा के रूप – में हुई है।
पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि युवती मानसिक रूप से परेशान रहती थी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
तीन दिन पहले आई थी मायकेः
जानकारी के अनुसार संगीता सिंह तीन दिन पहले अपने मायके बकेली आई हुई थी। सोमवार को उसका शव पेड़ से लटका मिला, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने अमरपुरं चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। घटनास्थल पर नायब तहसीलदार टीआर पनिका की मौजूदगी में शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका की डेढ़ साल की एक बेटी भी है।







