श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के उफरी गांव में रविवार को हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के बाहर खेल रहे आठ साल के रितेश कोल को गैस सिलेंडर से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया।
मृतक रितेश आखेटपुर का रहने वाला था। करीब एक माह पहले उसकी नानी का निधन उफरी में हुआ था। नानी की मौत के बाद वह मां के साथ यहां आया था। रविवार दोपहर वह घर से सटी सड़क पर खेलने निकला और अचानक सामने आए ट्रक की चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थीं। सूचना पर ब्यौहारी पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पंचनामा के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रितेश की मौत से मां बेसुध है। पूरे गांव में मातम पसरा है।
ग्रामीणों ने कहा कि बस्ती से निकलने वाले भारी वाहन बहुत तेज चलते हैं। कई बार मांग के बाद भी गति रोकने के इंतजाम नहीं हुए। थाना प्रभारी जिया उलहक ने बताया कि मर्ग दर्ज कर लिया गया है। फरार वाहन की पहचान कर ली गई है। चालक की तलाश जारी है। आसपास लगे कैमरों की मदद ली जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के पास गति अवरोधक बनाने और भारी वाहनों की गति सीमित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई और घर का चिराग न बुझे।







