श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मानपुरः पिकअप वाहन में आग लगने की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक एमपी 18 जेए 5243 लघु वन उपज परासी से पनपथा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान दोपहर लगभग एक बजकर 20 मिनट पर अचानक पिकअप वाहन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा।
वाहन से कूदकर चालक ने बचाई जानः बताया जा रहा है कि वाहन चालक, विजय पटेल ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि वाहन में रखा बैग, जिसमें लगभग 40 हजार रुपये नकद थे, आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी है। घटना में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।







