SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » एमपी में दोस्ती का खौफनाक अंत: चेतन की हत्या कर श्मशान घाट में दफनाया शव, दो नाबालिग दोस्त पुलिस की हिरासत में

एमपी में दोस्ती का खौफनाक अंत: चेतन की हत्या कर श्मशान घाट में दफनाया शव, दो नाबालिग दोस्त पुलिस की हिरासत में

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   बुरहानपुर के बालवा टेकरी क्षेत्र में युवक चेतन (19) की निर्मम हत्या ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली इस वारदात में हत्या के बाद शव को ताप्ती नदी किनारे स्थित श्मशान घाट की जमीन में दफना दिया गया। घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चेतन मंगलवार शाम से घर नहीं पहुंचा था, जिसके बाद परिजनों ने शिकारपुरा थाना पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक की लोकेशन और उसके आखिरी संपर्कों की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि चेतन आखिरी बार अपने दो दोस्तों के साथ देखा गया था। पुलिस ने दोनों युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि चेतन उनके साथ शौच के लिए गया था, जिसके बाद वह अलग हो गया। लेकिन पुलिस जांच और बयान में लगातार विरोधाभास मिलने पर शक गहराता गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर एक नाबालिग ने पूरी वारदात कबूल कर ली।

चेतन के सिर पर वार किए गए थे
जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागड़ी ने बताया कि आपसी मनमुटाव के चलते एक आरोपी ने चेतन के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने शव को नाले के पास ले जाकर श्मशान घाट की जमीन में गाड़ दिया। सीएसपी गौरव पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में दबा शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

भारी पुलिस बल तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए। फिलहाल पुलिस दोनों नाबालिग आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे बुरहानपुर जिले को झकझोर कर रख दिया है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us