श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र में उत्पाती हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले सप्ताह किसान को कुचलकर मौत के घाट उतारने वाला हाथी अब गांव की बस्ती तक पहुंच गया है। सोमवार. मंगलवार की दरमियानी रात हाथी बेरिहा गांव में घुस आया और करीब तीन घंटे तक बस्ती में उत्पात मचाता रहा।
इस दौरान उसने एक घर में जमकर तोड़फोड़ की और कई कुंटल अनाज चट कर गया। हाथी के गांव में घुसने से पूरी बस्ती में दहशत फैल गई और ग्रामीणों को रातभर घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। हाथी रात में बेरिहा गांव की बस्ती में पहुंचा और सोनू यादव के कच्चे मकान को नुकसान पहुंचाते हुए घर में रखा अनाज खा गया। ग्रामीणों ने पास के टोला में मकानों की छतों पर रात गुजारी। रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि हाथी के गांव की ओर बढ़ने की जानकारी मिलते ही गज रक्षक ऐप के माध्यम से ग्रामीणों को अलर्ट भेजा गया था।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर लोगों को सतर्क किया और समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। बीते सप्ताह गिरवा गांव में खेत में सो रहे किसान को हाथी ने कुचल दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वन विभाग अब हाथी के रेस्क्यू की तैयारी में जुट गया है। 30 सदस्यीय रेस्क्यू दल यहां पर हाथी को नियंत्रित करने आएगा।







