श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- डिंडौरी करंजिया। जिले के करंजिया जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत झनकी में खुले बोरवेल में गिरने से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आठ वर्षीय बालक शिवम पंद्राम खेलते समय सूखे बोरवेल में गिर गया और कई घंटों तक उसमें फंसा रहा। बाद में एक ग्रामीण की सूझबूझ और साहस से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब दस बजे शिवम खेलते-खेलते खुले बोरवेल में जा गिरा। हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण बच्चे की मदद तुरंत नहीं हो सकी। बताया गया कि शिवम दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तक बोरवेल में फंसा रहा।
गांव में हड़कंप मच गया
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने खुले बोरवेल को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। पीएचई विभाग के इंजीनियर अंशुल बिसेन ने बताया कि वर्ष 2023 में नलजल योजना के तहत इस बोरवेल का खनन कराया गया था। पानी नहीं मिलने के कारण विभाग ने गाइडलाइन के अनुसार इसे बंद कर दिया था।







