SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » भांजे का बर्थडे मनाने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला, कट्टा लहराते फरार हुए बदमाश; वारदात कैमरे में कैद

भांजे का बर्थडे मनाने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला, कट्टा लहराते फरार हुए बदमाश; वारदात कैमरे में कैद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   शहडोल में भांजे का जन्मदिन मनाने पहुंचे एक युवक पर देर रात कार सवार बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कट्टा लहराते हुए फरार हो गए। घटना का कुछ हिस्सा रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर में देर रात एक निजी रेस्टोरेंट के बाहर जन्मदिन की खुशियां अचानक दहशत में बदल गईं, जब कार सवार बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी कट्टा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात का कुछ हिस्सा रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, हालांकि रात होने के कारण आरोपियों के चेहरे स्पष्ट नजर नहीं आए हैं।
तेज रफ्तार कार का विरोध पड़ा भारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसी समय सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार राहुल सिंह, विपिन पाठक, गणेश रघुवंशी और शांतनु उर्मिला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहां पहुंचे। कार संदीप द्विवेदी के बेहद करीब से निकाली गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कार सवार युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बर्थडे पार्टी में मौजूद अन्य लोग भी नीचे पहुंच गए। इसी दौरान आरोपियों में से एक युवक ने धारदार चाकू निकाल लिया और संदीप द्विवेदी के हाथ पर हमला कर दिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कट्टा दिखाकर दी धमकी

आरोप है कि जब मौके पर लोगों की संख्या बढ़ने लगी तो बदमाशों ने कट्टा निकाल लिया और धमकाते हुए कहा कि उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं है। आरोपियों ने खुद को “शहर का बड़ा गुंडा” बताते हुए खुलेआम धमकी दी और वहां से फरार हो गए।

 करन तलैया क्षेत्र पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि करन तलैया के पास देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। सड़क के एक हिस्से में कोतवाली और दूसरे हिस्से में सोहागपुर थाना क्षेत्र पड़ता है, जिसका फायदा उठाकर उपद्रवी देर रात तक घूमते रहते हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में मौजूद ठेले रात 2 बजे तक खुले रहते हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई सख्ती नहीं की जाती।

पुलिस गश्त पर भी उठे सवाल

घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि अब रात में शादी और पारिवारिक कार्यक्रमों में जाना भी असुरक्षित महसूस होने लगा है। लोगों ने पुलिस गश्त और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, सोहागपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us