श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। एक ग्राम शिक्षा से कोसो दूर है। आज के दौर में भी दहेज के लिए जी रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उमरिया के मानपुर से लगभग 10 किलोमीटर दूर से प्रकाश में आया है।
युवती ने दहेज प्रताड़ना के साथ कई आरोप लगाए
गांव में रहने वाली एक युवती ने दहेज प्रताड़ना, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने तथा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक उमरिया को लिखित आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
लगभग चार-पांच वर्ष पूर्व बड़ी बहन का निधन हो गया था
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी ग्राम रक्सा में हुई थी। बहन के दो बच्चे हैं।
बहन के बच्चों की देखभाल वह स्वयं कर रही थी
लगभग चार-पांच वर्ष पूर्व बड़ी बहन का निधन हो गया था, जिसके बाद दोनों बच्चों की देखभाल वह स्वयं कर रही थी। इसी दौरान जीजा ने उससे विवाह करने की इच्छा जताई।
रीति-रिवाज से विधिवत विवाह की बात कही
युवती के अनुसार, जब उसके माता-पिता को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से विधिवत विवाह कराने की बात कही, जिस पर जीजा सहमत हो गया।
हल्दी और मंडप की रस्में भी संपन्न हो गईं
12 मई 2026 को विवाह की तारीख तय हुई और घर में शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। रिश्तेदारों के आने के साथ हल्दी और मंडप की रस्में भी संपन्न हो गईं।
बाइक तथा सोने की अंगूठी की मांग करने लगा
11 मई को जीजा युवती के घर पहुंचा और दहेज में अपाची बाइक तथा सोने की अंगूठी की मांग करने लगा। जब युवती के परिजनों ने तत्काल व्यवस्था न होने की बात कही तो उसने कथित तौर पर शादी से इनकार करते हुए बरात नहीं लाने की धमकी दी।
संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला
12 मई को तय समय पर बरात नहीं पहुंची तो युवती और उसके परिजनों ने जीजा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। अगले दिन युवती अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ ग्राम रक्सा पहुंची, जहां आरोप है कि जीजा के परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
चार वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए
पीड़िता का कहना है कि मारपीट में उसके सिर, छाती और कमर में गंभीर चोटें आई हैं और वह बेहोश हो गई थी। जीजा ने शादी का झांसा देकर करीब चार वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।







