SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » सड़क हादसे ने छीनी दो जिंदगियां, घर में आने वाली थी बारात; खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

सड़क हादसे ने छीनी दो जिंदगियां, घर में आने वाली थी बारात; खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-    मध्यप्रदेश के कटनी जिला अस्पताल में उस वक्त परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया।

अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुरी-अमरपुर रोड स्थित आमा मोड़ के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। बाइक सवार दो युवकों को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल लेकर आए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कान्हा रजक और रजनीश रजक के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदलीं

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को ही उनके घर बेटी की बारात आने वाली थी। पूरे घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में मंडप सजा हुआ था और खुशियों का माहौल था। दोनों युवक शादी का सामान लेने अमरपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। एक तरफ घर में शहनाई बजने की तैयारी थी, वहीं दूसरी ओर हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। गांव में भी घटना के बाद गहरा शोक है और हर आंख नम नजर आ रही है।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। जिस घर में खुशियों की बारात आने वाली थी, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us