श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- नगर के वार्ड क्रमांक 7 बनिया टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में निर्मित पानी टंकी पिछले लगभग दो वर्षों से लगातार लीकेज हो रही है। टंकी से लगातार पानी रिसने के कारण स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों और आसपास निवास कर रहे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार जमुना कोतमा क्षेत्र द्वारा सामुदायिक विकास निधि (सीएसआर मद) से वर्ष 2017 में वार्ड 7 बनिया टोला में पानी टंकी का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराना था ताकि लोगों को पानी की समस्या से राहत मिल सके। टंकी के माध्यम से आसपास के क्षेत्र में जल वितरण किया जाना था।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पानी टंकी निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान नहीं रखा गया। लोगों के मुताबिक निर्माण के एक से डेढ़ वर्ष बाद ही टंकी से पानी रिसाव शुरू हो गया था। शुरुआत में मामूली लीकेज था, लेकिन समय बीतने के साथ समस्या बढ़ती चली गई। वर्तमान में टंकी से लगातार पानी रिस रहा है,
जिससे उसकी मजबूती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि पानी टंकी आबादी क्षेत्र के बीच तथा प्राथमिक विद्यालय परिसर में निर्मित की गई है। स्कूल में प्रतिदिन छोटे बच्चे पढ़ाई करने आते हैं। अभिभावकों और वार्डवासियों का कहना है कि पानी टंकी की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। बच्चों में भी डर का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी टंकी में लीकेज की जानकारी कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया।
दो वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल अनदेखी कर रहे मामला बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। वार्ड 7 के रहवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पानी टंकी की जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि बच्चों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।







