श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरियाः मध्यप्रदेश में एक बार फिर हैरान, कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुनघुटी से अज्ञात चोरों ने चार कंप्यूटर पार कर दिए, लेकिन – सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस कमरे में कंप्यूटर रखे थे, उसका ताला टूटा हुआ नहीं मिला। इस पूरे मामले ने चोरी से ज्यादा अंदरूनी साजिश की आशंका को जन्म दे दिया है।
प्राचार्य गए थे मूल्याकंन करनेः चोरी गए कंप्यूटरों की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार स्कूल में कुल 10 कंप्यूटर थे, जिनमें से चार अचानक गायब मिले। विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि वह मूल्यांकन कार्य के लिए उमरिया गए हुए थे। चार दिन बाद जब स्कूल स्टाफ वापस लौटा और संबंधित कक्ष को खोला गया, तो वहां से 4 कंप्यूटर गायब थे। हैरानी की बात यह रही कि कमरे का ताला पूरी तरह सुरक्षित था, उसमें किसी प्रकार की तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले।
आपरेटर की शिकायत पर दर्ज हुआ मामलाः प्राचार्य के अनुसार, जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वह तुरंत उमरिया से घुनघुटी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
इस घटना के बाद स्कूल स्टॉफ और स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है कि आखिर बिना ताला तोड़े चोरी कैसे हो गई। वहीं इस मामले में घुनघुटी चौकी प्रभारी विजय सेन ने बताया कि दीनदयाल सिंह जो स्कूल में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं, उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंदर का चोरः पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं यह चोरी अंदर के किसी व्यक्ति की मिलीभगत से तो नहीं हुई। क्योंकि बिना ताला तोड़े इतनी आसानी से कंप्यूटर निकाल लेना कई सवाल खड़े करता है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ स्कूल स्टाफ से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह घटना एक बार फिर बताती है इंतजाम कितने कमजोर हैं। एमपी कि सरकारी संस्थानों में सुरक्षा के अजब है, सबसे गजब है की कहावत यहां एक बार फिर सटीक बैठती नजर आ रही है, जहां चोर ताला तोड़े बिना ही सामान ले उड़ते हैं और किसी को भनक तक नहीं लगती।











