श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनपथा से लगे मझौली के पास ताला मार्ग पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते पूरी कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह खाक हो गई।
बताया जा रहा है कि कार मानपुर से चिल्हारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी के आगे से धुआं उठता देख ड्राइवर ने तुरंत वाहन रोककर बोनट खोला, लेकिन तभी आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए कार में सवार दोनों लोग फौरन बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। अपुष्ट जानकारी के अनुसार जली हुई कार चिल्हारी निवासी किसी व्यक्ति की बताई जा रही है। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन अचानक लगी आग ने इलाके में सनसनी जरूर फैला दी है।









