श्रेय न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- खंडवा। मूंदी थाना क्षेत्र के ग्राम केनूद के पास गुरुवार को हुआ भीषण सड़क हादसा अब हत्या की साजिश में बदल गया है। प्रारंभ में इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह एक सुनियोजित हमला था। घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि एक युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने क्या कहा
एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक युवती को उसके घर में रोका जा रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो ऐसा कुछ नहीं मिला, लेकिन इसी दौरान पूरे मामले की कड़ी सामने आई। जांच में पता चला कि युवती का मूंदी के एक टाइल्स व्यवसायी से प्रेम संबंध था।
पुलिस के अनुसार, जब आरोपित को जानकारी मिली कि युवती का परिवार गांव से लौट रहा है, तो वह अपनी कार लेकर पीछे गया और सामने से उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे युवती के भाई सौरभ और मां सुमन बाई की मौत हो गई।
हादसे में सारिका, रविंद्र राठौर और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जांच में क्या निकला
पुलिस जांच में सामने आया है कि सनावद क्षेत्र के भाजपा नेता लवकुश पर इस हमले को अंजाम देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी का युवती सारिका से प्रेम संबंध था, लेकिन उसका विवाह कहीं और तय हो गया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी लगातार परिवार पर दबाव बना रहा था और दो दिन पहले जान से मारने की धमकी भी दी थी।
जानबूझकर किया गया कृत्य
डीआईजी मनोज कुमार राय ने स्पष्ट किया कि यह साधारण दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया कृत्य है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसके खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।






