श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- डिंडौरी। लंबे समय से मांग के बाद सड़क तो स्वीकृत हो गई, लेकिन सड़क किसी दूसरे स्थान पर बनाई जा रही है। दूसरे स्थान पर सड़क निर्माण कराए जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह चक्का जाम कर दिया।
क्या है मामला
जनपद डिंडौरी अंतर्गत ग्राम उदरी के ग्रामीणों का आरोप है कि पीएम जनमन योजना से सड़क लंबे समय बाद स्वीकृत तो हो गई, लेकिन सड़क का निर्माण कार्य किसी दूसरे स्थान पर कराया जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि उनके द्वारा पिछले दिनों शिकायत भी की थी। इसके बाद भी जिम्मेदारों द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश नजर आ रहा है।
सड़क पर जाम लगाया
गर्मी की परवाह किए बिना ग्रामीणों ने दोपहर लगभग 12 बजे से सड़क पर जाम लगा दिया। डिंडौरी से शहडोल मार्ग में जाम के चलते सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों के पहिए भी थमे रहे।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
चक्का जाम की खबर लगते ही तहसीलदार, रोड निर्माण एजेंसी के अधिकारी सहित कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को समझाइश दी। लंबी समझाइश के बाद ग्रामीण माने और दोपहर ढाई बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद इस मार्ग पर आवागमन बहाल हो पाया।









