श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- इंदौर। नंदन नगर में बुधवार को एक वृद्ध का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो चूहे उछल-कूद करते मिले। चूहे शव के आंख, हाथ-पैर कुतर चुके थे। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने जांच की है। चंदन नगर टीआई तिलक करोल के मुताबिक मृतक की पहचान छगन लाल के रूप में हुई है। वह घर में अकेला ही रहता था।
बुधवार को बच्चे घर के बाहर क्रिकेट खेल रहे थे, उनकी गेंद घर में गई। जब बच्चे गेंद लेने घर में गए तो शव देखकर डर गए। बच्चों ने आसपास के लोगों को सूचना दी। स्वजन ने बताया कि इनके तीन बेटे हैं, लेकिन पिता की मौत की खबर मिलने के बाद भी कोई शव को देखने तक नहीं आया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टीआई तिलक करोले के अनुसार फोरेंसिक एक्सपर्ट ने शव दो दिन पुराना बताया है।
नशा करता था छगन लाल
टीआई के अनुसार छगन लाल अकेला ही रहता था। उसके बेटे अलग रहते हैं। लड़के मजदूरी करते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
बेटा बोला मैंने तो गाड़ी भर ली
रहवासियों ने बताया बेटे नगीन नगर में रहते हैं। सबसे पहले उन्होंने छगन लाल की बहू को कॉल लगाया था। उसने कहा- उनके बेटे को बता दो। जब छगन के बेटे को कॉल किया तो उसने पल्ला झाड़ लिया और कहा कि उसने तो गाड़ी भर ली है। तुम अपने-अपने हिसाब से देख लो। पुलिस ने कॉल लगाया लेकिन बेटों ने आने से मना कर दिया।









