श्रेया न्यूज़
झाड़ियों से मिला किशोरी की लाश का मामला सुलझा लिया है। उसे उसके प्रेमी ने ही कनपटी पर गोली मारकर मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने आरोपी और मदद करने वाले दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
Balaaghat.20 May 2024 11:39 AM .padma mishra

बालाघाट पुलिस ने किशोरी की अंधेकत्ल का मामला घटनास्थल में मिले टायर के निशान से सुलझा लिया है। नाबालिग प्रेमी ने किशोरी की कनपटी में गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद अपने साथी की मदद से उसकी लाश को घटनास्थल से दो सौ मीटर दूर झाड़ियों में छुपा दिया था। पुलिस ने नाबालिग प्रेमी तथा उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
बालाघाट पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के अनुसार थाना बिरसा अंतर्गत खुर्सीपार लोरमी रोड पर जंगल में स्थित वन विभाग की नर्सरी के पास शुक्रवार शाम 14 वर्षीय किशोरी की लाश झाड़ियों में पत्तों से ढंकी मिली थी। किशोरी की हत्या कनपटी में गोली मारकर की गई थी। युवती की शिनाख्त ग्राम खुर्सीपार निवासी के रूप में हुई थी। किशोरी घर से गुरुवार की शाम से लापता थी।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि क्षेत्र में बारिश होने के कारण मिट्टी गीली थी। पुलिस ने जांच में पाया कि किशोरी के शव को घसीटकर झाड़ियों तक लाया गया है। घसीटने के निशान के आधार पर पुलिस घटनास्थल तक पहुंची। पुलिस को घटनास्थल के पास स्कूटी गाड़ी के टायर के निशान मिट्टी में मिले। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में स्कूटी चलाने वाले के संबंध में पतासाजी की। पुलिस को जानकारी मिली कि गांव में रहने वाले एक नाबालिग से किशोरी के प्रेम संबंध हैं।







