श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। सिहोरा अंतर्गत खितौला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक अत्यंत हृदयविदारक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। ग्राम खितौला स्थित हिरन नदी के तट पर बने श्मशान घाट में एक 27 वर्षीय युवक ने जलती हुई चिता पर लेटकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे खितौला श्मशान घाट पर एक मृतक का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ था। संस्कार के बाद स्वजन चिता को जलता छोड़कर अपने घर लौट गए थे। घटना की रात लगभग तीन बजे वार्ड क्रमांक 15 निवासी सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल अचानक अपने घर से बिना बताए निकल गया। जब सुबह छह बजे तक युवक वापस नहीं लौटा, तो चिंतित स्वजन ने खितौला थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई।
अस्थि संचय करने पहुंचे लोगों के उड़े होश
स्वजन और ग्रामीण युवक की तलाश में जुटे थे। इसी क्रम में, सुबह लगभग सात बजे जब अंतिम संस्कार करने वाले लोग श्मशान घाट पर अस्थि एकत्रित करने पहुंचे, तो दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि चिता के ऊपर एक अधजला हुआ शव पड़ा है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पहले चिता से अलग कर उसे कब्जे में लिया जिसकी पहचान सिब्बू उर्फ शुभम कोल के रूप में हुई। शव सिहोरा अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जिसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।
मानसिक तनाव का संदेह
प्राथमिक जांच में युवक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस मामले की सभी पहलुओं से बारीकी से जांच कर रही है, ताकि घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाया जा सके। परिजनों और स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है।







