श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- उमरिया, भरेवा। उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनपथा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां खेत पर गेहूं की कटाई करने गए एक वृद्ध किसान की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद जायसवाल पिता चुनई जायसवाल उम्र 65 वर्ष अपने घर से कुछ दूरी पर मौजूद सोसायटी के करीब खेत में काम करने गए थे। खेत के पास एक बरगद के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था।
आक्रामक हो गईं मधुक्खियां
अचानक छत्ते से निकली मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और उन्होंने गोविंद पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों ने वृद्ध के शरीर पर झुंड बनाकर हमला किया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। हमले के दौरान गोविंद काफी देर तक मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन सुनसान जगह होने के कारण समय पर कोई सहायता नहीं पहुंच सकी।
अत्यधिक डंक लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना बाद में उनके घर पहुंची। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।










