श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- उमरियाः दुष्कर्म के मामले में एक साल से फरार एक आरोपित को पुलिस गुजरात के सूरत से गिरफ्तार करके ले आई है। आरोपित का नाम जयप्रकाश यादव बताया गया है। इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार एक वर्ष पूर्व आरोपित के विरूद्ध चौकी सिविल लाईन. (थाना कोतवाली) में अपराध दर्ज हुआ था। पिछले एक साल से आरोपित अलग अलग जगहों पर छिपकर रह रहा था।
एसडीओपी की पहल लाई रंगः पुलिस अधीक्षक उमरिया विजय भागवानी द्वारा महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करने हेतु समस्त थाना, चौकी प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिये गये हैं। साथ ही * एसडीओपी उमरिया पी.एस. परस्ते द्वारा अपने अनुभाग अतंर्गत समस्त थानों में लंबित प्रकरणो की लगातार समीक्षा करते हुए उनके निकाल के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जा रही है। इसी कड़ी में चौकी सिविल लाईन पुलिस टीम को कार्रवाई करते हुये शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म के प्रकरण में एक वर्ष से फरार आरोपित को गुजरात राज्य के सूरत से पकड़ कर लाने में सफलता प्राप्त हुई है।
छिप रहा था आरोपितः विदित हो कि वर्ष 2025 में पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपित जयप्रकाश यादव के विरुद्ध थाना कोतवाली में प्रकरण कायम किया गया था। प्रकरण कायमी के पश्चात से ही आरोपित फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिप रहा था। पुलिस टीम द्वारा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे थे। पुलिस टीम द्वारा भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के छिपे होने के वर्तमान स्थान का पता लगाकर तत्काल पुलिस टीम को संबंधित स्थान पर आरोपित को पकडने के लिए रवाना किया गया जिसके परिणामस्वरूप उसे पकड़ने में सफलता हाथ लगी।







