श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- जबलपुर: जबलपुर में साइबर अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। ताजा मामला करमचंद चौक बाजार क्षेत्र का है, जहां एक व्यापारी के साथ तकनीकी समस्या के बहाने ठगी की घटना सामने आई है। पीड़ित व्यापारी के बैंक खाते से दो लाख आठ हजार रुपये निकाल लिए गए।
व्यापारी ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई शिकायत
तुलसी नगर निवासी पंकज जैन ने इस मामले में कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि करमचंद चौक के पास उनका “क्लासिक मार्केटिंग” नाम से प्रतिष्ठान है। घटना 27 से 29 मार्च के बीच की बताई जा रही है।
मोबाइल में आई तकनीकी समस्या, स्क्रीन होती रही काली
पंकज जैन के अनुसार, इन दिनों उनके मोबाइल में अचानक तकनीकी खराबी आने लगी। फोन की स्क्रीन बार-बार काली हो रही थी और उसमें लगातार अपडेट का संदेश दिखाई दे रहा था। स्थिति यह थी कि मोबाइल की कोई भी बटन काम नहीं कर रही थी, जिससे वे उसे उपयोग नहीं कर पा रहे थे।
अपडेट मैसेज के दौरान खाते से निकले पैसे
पंकज ने बताया कि उन्होंने मोबाइल को कुछ समय के लिए वैसे ही छोड़ दिया और अपने अन्य कामों में व्यस्त हो गए। इसी दौरान 29 मार्च को उनके फोन पर बैंक लेन-देन के संदेश आने लगे। इन संदेशों में उनके खाते से कुल दो लाख आठ हजार रुपये निकलने की जानकारी मिली।
पांच ट्रांजेक्शन में निकाली गई पूरी रकम
पीड़ित का बैंक खाता इंडियन बैंक की मढ़ाताल शाखा में है। बैंक पहुंचकर जानकारी लेने पर पता चला कि पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए यह राशि निकाली गई है। पंकज जैन का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को पैसे ट्रांसफर किए और न ही कोई ऑनलाइन भुगतान किया।
साइबर धोखाधड़ी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
इस घटना को लेकर साइबर ठगी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ठगी किस तरीके से की गई।







