SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » रीवा में महुआ बीनने गए भाई-बहन पर गिरी आकाशीय बिजली, घर में शादी की खुशियां मातम में बदली

रीवा में महुआ बीनने गए भाई-बहन पर गिरी आकाशीय बिजली, घर में शादी की खुशियां मातम में बदली

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :-    रीवा। रीवा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सेमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से एक ही परिवार के दो बच्चों की जान चली गई। जंगल में महुआ बिनने गए भाई-बहन की इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

महुआ बीनने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह की है जब सेमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम हरदिया निवासी दादू कोल का पुत्र राजन कोल और पुत्री सविता कोल पास के डोरी जंगल में महुआ बीनने गए थे। ग्रामीण इलाकों में इन दिनों महुआ का सीजन चल रहा है, जिसके चलते परिवार के सदस्य तड़के ही जंगलों की ओर निकल जाते हैं।

बताया गया है कि जब दोनों भाई-बहन महुआ बीन रहे थे, तभी अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान कड़कती बिजली दोनों के ऊपर गिर गई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से राजन और सविता की मौके पर ही मौत हो गई।

शादी वाले घर में पसरा सन्नाटा

इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जानकारी मिली है कि दादू कोल की बेटी सविता की शादी इसी महीने की 30 तारीख को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मंगल गीत गाए जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां से अब भाई-बहन की अर्थी उठेगी। खुशियों का माहौल चंद पलों में मातम में तब्दील हो गया है।

हादसे के वक्त जंगल में मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और गांव वालों को दी। खबर मिलते ही सेमरिया पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी है और नियमानुसार आपदा राहत राशि के लिए अग्रिम कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us