श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे shahdol : मध्यप्रदेश में इस साल मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आमतौर पर अप्रैल में महसूस होने वाली तेज गर्मी इस बार मार्च के पहले सप्ताह में ही दिखाई देने लगी है। प्रदेश का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना जताई है।गुरुवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां इस सीजन में पहली बार तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मार्च के दूसरे पखवाड़े में आमतौर पर गर्मी बढ़ती है, लेकिन इस बार मौसम का ट्रेंड बदला हुआ नजर आ रहा है और महीने की शुरुआत में ही तापमान तेजी से बढ़ गया है।
गुरुवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी तापमान ऊंचा रहा। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि भोपाल में यह 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा।अन्य शहरों में भी गर्मी का असर देखा गया। खजुराहो में 36.8 डिग्री, धार में 36.6 डिग्री, दमोह, सागर और श्योपुर में 36.4 डिग्री, रतलाम में 36.2 डिग्री तथा गुना और टीकमगढ़ में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। शाजापुर, मंडला और सतना में भी पारा 35 डिग्री के पार रहा। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है और कई शहरों में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में संभावना है कि मार्च के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच जाए। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार अप्रैल और मई के दौरान प्रदेश में 15 से 20 दिन तक लू चल सकती है। हालांकि मार्च में फिलहाल लू चलने की स्थिति नहीं बन रही है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस साल अप्रैल और मई सबसे ज्यादा गर्म रहेंगे। इन महीनों में ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी रहने के आसार हैं।







