श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- शहडोलः आप जब तक 18 साल के न हो जाएं और आपका ड्राइविंग लाइसेंस न बन जाए तब तक वाहन न चलाएं। अगर ऐसा करते हैं तो पुलिस कार्रवाई कर सकती है और फिर दिक्कत हो सकती है। इसलिए इस बात को गांठ बांध लीजिए कि जब तक हम वाहन चलाने के योग्य यानी 18 साल के न हो जाएं तब तक वाहन को हाथ न लगाएं। यह बात महिला बाल विकास विभाग एवं परिवहन विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला में बोलते हुए महिला बाल विकास विभाग की सहायक संचालक संजीता भगत ने कही। यह कार्यशाला निश्शुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस कैंप के रूप में आयोजित की गई।
कलेक्टर डा. केदार सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में बुधवार को पिंक ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन शासकीय नेहरू महाविद्यालय बुढ़ार में किया गया। संजीता भगत द्वारा बताया गया पिंक ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित करने के पीछे का उद्देश्य यही था कि छात्र-छात्राओं को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए और उनको सुगम व सरल तरीके से ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की आन लाइन विधि से अवगत कराया जाए।
इस कार्यक्रम में कालेज में उपस्थित दूर दराज से आए हुए बालक बालिकाओं को लर्निंग लाइसेंस के बारे में बताया गया एवं उनका लर्निंग लाइसेंस भी बनाया गया। साथ ही सभी से कहा गया कि बिना लाइसेंस के ड्राइविंग करना बेहद ही खतरनाक साबित हो सकता है। ड्राइविंग लाइसेंस आपके सुरक्षा एवं पहचान का भी आधार है। कार्यक्रम में सचिन वर्मा परिवहन विभाग द्वारा आनलाइन लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया से सभी को अवगत कराया एवं कई लोगों का निश्शुल्क लर्निंग लाइसेंस भी बनाए गए। इस कैंप में नीलमणि भगत परिवहन विभाग, महाविद्यालय के डा. जयशंकर सिंह, डा. दिनेश वर्मा, डा. अनूप कुमार सेन, रामकुमारी पाण्डेय पर्यवेक्षक, भानुप्रिया महरा एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।







