मुंबई होर्डिंग हादसा: 63 घंटे बाद बचाव अभियान खत्म, 16 शव बरामद, 75 घायल
👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं
श्रेया न्यूज़ ,
Ghatkopar Hoarding Collapse : इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है और 75 लोग घायल हुए है।मुंबई•May 16, 2024 / 12:43 pm• padma mishra
Mumbai Hoarding Collapse : मुंबई के घाटकोपर इलाके में सोमवार शाम को धूल भरी आंधी और बेमौसम बारिश के कारण एक पेट्रोल पंप पर लगा 120 फीट लंबा अवैध होर्डिंग गिर गया। जिसके नीचे दबने से 16 लोगों की मौत हो गई और 75 लोग घायल हो गए। आखिरकार आज 63 घंटों के बाद घटनास्थल पर बचाव अभियान समाप्त हो गया है। एनडीआरएफ की दो टीमें भी बचाव अभियान में जुटी हुईं थी।
बुधवार देर रात मलबे के नीचे से दो और शव निकाले गए. उनकी पहचान 60 वर्षीय मनोज चंसोरिया (Manoj Chansoria) और उनकी पत्नी अनीता चंसोरिया (59) के तौर पर की गई है। इसके साथ ही घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई।
बीएमसी (BMC) कमिश्नर भूषण गगरानी ने घटना स्थल का दौरा करने के बाद बचाव कार्य की समाप्ति की घोषणा की। एशिया का सबसे ऊंचा होर्डिंग सोमवार शाम मुंबई में हुई तेज हवाओं और बारिश में ढह गया। विशालकाय होर्डिंग सीधे पास के पेट्रोल पंप पर जा गिरा। होर्डिंग की चपेट में 100 से ज्यादा लोग आये थे।
कहां है आरोपी भावेश भिंडे?
कई घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। राज्य सरकार ने घायलों और मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीँ, दुर्घटना का कारण जानने के लिए नगर पालिका (BMC) ने वीजीटीआई इंस्टिट्यूट से मदद मांगी है। इस घटना के लिए रेलवे प्रशासन को जिम्मेदार माना जा रहा है, क्योकि होर्डिंग रेलवे पुलिस की जमीन पर लगी थी।
मुंबई के पंतनगर पुलिस स्टेशन में मैसर्स ईगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड (Ego Media Private Limited) के मालिक भावेश भिंडे और अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दज किया है। यह होर्डिंग इसी कंपनी की थी. भावेश भिंडे फरार है। मुंबई पुलिस की सात टीमें भावेश भिंडे की तलाश कर रही हैं। बताया जा रहा है कि भावेश भिंडे के राजनीतिक संबंध भी हैं।