SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » MP: उमरिया में पशु क्रूरता पर पुलिस का शिकंजा, पिकअप में ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे पशुओं के साथ 3 गिरफ्तार

MP: उमरिया में पशु क्रूरता पर पुलिस का शिकंजा, पिकअप में ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे पशुओं के साथ 3 गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :-    उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु क्रूरता के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पशुओं का परिवहन कर रहे तीन आरोपियों को पकड़ा है। यह कार्रवाई सेमरा–सेमरी रोड स्थित उर्दना तिराहा, ग्राम सेमरी के पास की गई, जहां एक पिकअप वाहन में पशुओं को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर ले जाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनुराग जायसवाल निवासी पडवार, चन्द्रभान जायसवाल निवासी पिटौर और हानिफ जायसवाल निवासी बचहा, थाना इंदवार के रूप में हुई है। मौके से 2 नग भैंस, जिनकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये है और 2 नग पड़वा, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है, इन्हें बरामद किया गया है। इसके साथ ही पशुओं के परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा पिकअप वाहन क्रमांक MP-21-ZC-7465 भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 8 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मस्कुले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध रूप से पशुओं का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि पशुओं को क्रूरता पूर्वक वाहन में भरा गया था। जब आरोपियों से परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। थाना प्रभारी के अनुसार, यह स्पष्ट रूप से पशु क्रूरता और मोटर व्हीकल अधिनियम का उल्लंघन था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 40/26 दर्ज किया। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130, 177(3), 81 और 177 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर प्रकरण तैयार किया और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। साथ ही बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें आगे किसी प्रकार की पीड़ा न झेलनी पड़े। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती बरती जाएगी और पशुओं के साथ क्रूरता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us