श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकी घाटी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते बच गया। रीवा से शहडोल की ओर जा रही एक यात्री बस घाटी के खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और खाई के बिल्कुल किनारे पहाड़ी से टकराकर वहीं अटक गई। बस के खाई में गिरने से पहले रुक जाने से बड़ा जानलेवा हादसा बच गया। हालांकि हादसे में कई यात्रियों को चोट आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस जब चरकी घाटी के तीखे मोड़ पर पहुंची, तभी उसकी रफ्तार काफी अधिक थी। चालक मोड़ पर बस को नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे बस सड़क से उतरकर सीधे खाई की ओर बढ़ गई। कुछ ही पलों में बस पहाड़ी में फंस गई और आधी हवा में लटक गई। बस के इस हालत में फंसते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कराया गया। यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया और यातायात को नियंत्रित किया गया ताकि किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे।
हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सभी घायल यात्रियों की हालत सामान्य है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें बस की गति, तकनीकी स्थिति और ओवरलोडिंग जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







