श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- बुढार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरफा फूल के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक धनपुरी का निवासी था और गुरुवार रात अपनी बाइक से अपने मामा के घर जमुई जा रहा था। जैसे ही वह बुढार-शहडोल हाईवे पर सरफा फूल के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने बुढार पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते कार घटनास्थल पर ही खड़ी रह गई। पुलिस ने मौके से कार और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है। मृतक जिस बाइक से जा रहा था उसका रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी 18 एमएल 8098 बताया गया है, जबकि दुर्घटना में शामिल कार का नंबर सीजी 15 बी 7982 है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस कार चालक की भूमिका और लापरवाही के बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है और क्षेत्र में भी इस दुर्घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।







