श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। मध्यप्रदेश की कोतवाली पुलिस अनूपपुर और राजस्थान की अशोकनगर थाना पुलिस (जयपुर सिटी साउथ) की संयुक्त टीम ने मंदिर से चोरी किए गए चांदी के 9 छत्र और विशाल चांदी के शेषनाग को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
मंदिर पुजारी ही निकला मुख्य आरोपी
जानकारी के अनुसार जयपुर के भगतसिंह मार्ग स्थित सी-स्कीम क्षेत्र में बने श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में 7-8 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने 9 नग चांदी के छत्र और एक विशाल चांदी का शेषनाग चोरी कर लिया था। मामले में थाना अशोकनगर, जयपुर सिटी साउथ में धारा 305 (डी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान जयपुर पुलिस की एक टीम अनूपपुर पहुंची और टीआई कोतवाली अरविंद जैन के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम बकेली थाना कोतवाली क्षेत्र से आरोपी सत्यम केवट (25) को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी गया करीब 2 किलो 800 ग्राम वजन का चांदी का सामान बरामद किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी की साजिश का मुख्य आरोपी अमन तिवारी (25) है, जो जयपुर के उसी लक्ष्मीनारायण मंदिर में पुजारी के रूप में कार्यरत था। पुलिस ने अमन तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जयपुर ले जाकर होगी आगे की कार्रवाई
दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जयपुर राजस्थान ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से न सिर्फ मंदिर चोरी का खुलासा हुआ है, बल्कि आस्था से जुड़े अपराधों में शामिल अंदरूनी साजिश का भी पर्दाफाश हुआ है।







