श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र के बाणसागर बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे सहायक उप निरीक्षक (ASI) पर ही आरोपी ने हमला बोल दिया। विवाद के दौरान आरोपी ने पुलिस कर्मी से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज करते हुए बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इस घटना में एएसआई के हाथ में चोट आई है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील सोनी को हिरासत में ले लिया। सहायक उप निरीक्षक महेश झा की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मी से अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सोमवार को पुलिसकर्मी का मेडिकल हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना में जुटी है। घटना के बाद बाणसागर बाजार में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। जिस विवाद को शांत कराने पुलिस कर्मी पहुंचे थे उस मामले में भी दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।







