SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » Umaria News: चंदिया के जंगल में बाघ की संदिग्ध मौत, कथली नदी के किनारे मिला शव, वन विभाग अलर्ट

Umaria News: चंदिया के जंगल में बाघ की संदिग्ध मौत, कथली नदी के किनारे मिला शव, वन विभाग अलर्ट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :-         उमरिया जिले के सामान्य वन मंडल अंतर्गत चंदिया वन परिक्षेत्र में शनिवार को एक बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह मामला उस समय सामने आया, जब क्षेत्र में नियमित बाघ गणना का कार्य चल रहा था। जंगल के आरएफ 10 क्षेत्र में कथली नदी के किनारे बाघ का शव दिखाई देने के बाद तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। जिला वन अधिकारी विवेक सिंह के निर्देशन में एसडीओ कुलदीप त्रिपाठी सहित चंदिया वन परिक्षेत्र का अमला जांच में जुट गया है। प्रारंभिक तौर पर बाघ की मौत को संदिग्ध माना जा रहा है, इसलिए किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।

घटनास्थल के आसपास रस्सियों से घेराबंदी की गई है, ताकि साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें। साथ ही जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। वन विभाग ने जांच को और मजबूत बनाने के लिए डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया है, जो आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के संकेत तलाश रहा है। जांच के दौरान घटनास्थल के पास से गुजर रही बिजली लाइन की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं करंट लगने या अन्य तकनीकी कारणों से तो यह घटना नहीं हुई। हालांकि, अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बाघ की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। यदि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक गतिविधि सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। चंदिया वन परिक्षेत्र बाघों की मौजूदगी के लिए जाना जाता है और ऐसे में इस तरह की घटना वन्यजीव संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े करती है। वन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us