श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र में सोमवार को एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर खतरे में थे। बुढार पुलिस और डायल-112 की टीम ने समय पर पहुंचकर तीनों की जान बचाई।
ससुराल में मारपीट
जानकारी के अनुसार, जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शाही में प्रेम विवाह को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया था। अनिल केवट अपनी पत्नी काजल को लेने ससुराल पहुंचा था, जहां नाराज मायके वालों ने उस पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने अनिल को बिजली के खंभे से बांधकर पीटा। इसी दौरान उसके पिता रामप्रसाद को एक कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की तैयारी की जा रही थी। अनिल का भाई दिनेश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही बुढार थाने के आरक्षक आशीष तिवारी और डायल-112 के पायलट रवि गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू की, भीड़ को हटाया और बंधे अनिल को मुक्त कराया।
पुलिस टीम ने कमरे में फंसे रामप्रसाद को बाहर निकाला और गंभीर रूप से घायल दिनेश को तत्काल अस्पताल भेजा। दोनों जवानों की सूझबूझ और तत्परता से तीन जिंदगियां बचाई जा सकीं। पुलिस ने मौके से हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके विरुद्ध गंभीर धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नकद पुरस्कार दिया
शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम ने समय पर पहुंचकर तीन लोगों की जान बचाई। आरक्षक आशीष तिवारी और पायलट रवि गुप्ता की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उनकी वीरता को देखते हुए एसपी ने दोनों कर्मचारियों को नकद पुरस्कार और सम्मान-पत्र प्रदान किया।







