श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- बिजुरी पुलिस ने ज्वेलरी दुकान चोरी मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.75 लाख रुपये का माल बरामद किया। आरोपियों ने टीन शेड तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी की थी। एक आरोपी से तीन दोपहिया वाहन भी मिले। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
बिजुरी पुलिस ने कपिलधारा कॉलोनी स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1 लाख 75 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है। सभी आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
चोरी गया सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्ति, दो बैटेक्स हार, 2 हजार रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए। जांच में आरोपी गणेश बंसल द्वारा दोपहिया वाहन चोरी में भी शामिल होने का खुलासा हुआ। उसकी सूचना पर उसके साथी अतुल केवट, निवासी पकरिहा, के कब्जे से तीन दोपहिया वाहन बरामद किए गए। कागजात प्रस्तुत न करने पर वाहनों को धारा 35(1), 303(2) बीएनएस के तहत जब्त किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सोनसाय बंसल के खिलाफ बिजुरी में 4, कोतमा में 3 और मरवाही (छग) में 1 मामला दर्ज है। अनिल बंसल पर बिजुरी में 2 और कोतमा में 1 मामला पंजीबद्ध है, वहीं अतुल केवट पर बिजुरी में 1 प्रकरण दर्ज है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास सिंह, उपनिरीक्षक मानिन टोप्पो, एएसआई उदय प्रजापति, प्रभाकर पटेल, आरक्षक मनोज उपाध्याय, लक्ष्मण डांगी, विश्वजीत मिश्रा, करमजीत सिंह, रवि सिंह, अभिषेक शर्मा और रामनिवास गुर्जर शामिल रहे।







